पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने वेटिकन सिटी जाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

PTV BHARAT 25 APRIL  नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 25-26 अप्रैल को दो दिवसीय यात्रा पर वेटिकन सिटी जाएंगी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी है 21 अप्रैल को 88 वर्ष की आयु में पोप फ्रांसिस का निधन हो गया था। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु पोप के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और सरकार और भारत के लोगों की ओर से संवेदना व्यक्त करेंगी। 25 अप्रैल को राष्ट्रपति वेटिकन सिटी में सेंट पीटर्स बेसिलिका में दिवंगत पोप को श्रद्धांजलि देंगी। विदेश मंत्रालय के एक संक्षिप्त बयान के अनुसार, वे 26 अप्रैल को वेटिकन सिटी में सेंट पीटर्स स्क्वायर में अंतिम संस्कार में शामिल होंगी, जिसमें कई वैश्विक नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। वेटिकन ने गुरुवार को कहा कि कम से कम 130 विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने की पुष्टि की है, जिनमें 50 राष्ट्राध्यक्ष और 10 सम्राट शामिल हैं। जिन राष्ट्राध्यक्षों और राजपरिवारों ने अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है उनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ब्रिटेन के प्रिंस विलियम, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, स्पेन के राजा फेलिप VI और रानी लेटिज़िया और ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *