केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कोरोना के मामले बढ़े

PTV BHARAT 26 MAY 2025  एजेंसी, नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। केरल, कर्नाटक के बाद अब महाराष्ट्र में लगातार कोविड केस में इजाफा देखने को मिल रहा है। यहां तक की कई राज्यों से मौत के मामले भी सामने आए हैं। देश में अब तक एक्टिव मरीज 363 रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं, दो दिन में 2 लोगों की मौत हुई है।महाराष्ट्र में कोविड 19 के 43 नए मामले सामने आए हैं। मामलों में इजाफे के साथ ही ठाणे में 21 वर्षीय कोविड मरीज की मौत हो गई। मरीज को ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज कलवा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।कर्नाटक के बेंगलुरु में कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण गंभीर बीमारियों से पीड़ित 84 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है और शनिवार को उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शहर के व्हाइटफील्ड निवासी की मौत 17 मई को कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण हुई थी।बता दें कि कर्नाटक और दिल्ली समेत कई राज्यों ने कोरोना को लेकर एडवाइजरी जारी की है। हालांकि, लोगों से कहा गया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, कोविड-19 के मामलों में कोई बड़ा उछाल नहीं है; केवल छिटपुट मामले सामने आए हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कई राज्यों, मुख्य रूप से केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक आदि में सामने आए कोविड-19 मामलों के संबंध में मामले की समीक्षा की। एएनआई के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह देखा गया है कि इनमें से ज़्यादातर मामले हल्के हैं और घर पर ही देखभाल की जा रही है। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क है और अपनी कई एजेंसियों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *