PTV BHARAT 14 MARCH 2026 कौशांबी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को शुक्रवार की रात दिल्ली एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर किए गए कमेंट के मामले में उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच एसटीएफ (स्पेशल सेल) को सौंपा था। वरिष्ठ नेता की गिरफ्तारी से इंटरनेट मीडिया में प्रतिक्रियाओं की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत तमाम लोगों ने गिरफ्तारी पर आक्रोश व्यक्त किया है। महेवाघाट क्षेत्र के डकशरीरा गांव निवासी विनोद तिवारी छत्तीसगढ़ प्रांत में कांग्रेस नेता हैं। वह वहां पीसीसी के संयुक्त महामंत्री हैं। तीन फरवरी 2026 को उनके इंटरनेट मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। इस मामले में विनोद के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने आइटी एक्ट सहित तमाम धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। प्रकरण की जांच एसटीएफ दिल्ली कर रही थी। पिछले दिनों विनोद तिवारी अपने दिवंगत पिता के पिंडदान में शामिल होने के लिए डकशरीरा आए थे। इसकी भनक एसटीएफ दिल्ली को लग गई। महेवाघाट थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह का कहना है कि शुक्रवार की रात एसटीएफ दिल्ली के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह टीम के साथ महेवाघाट थाने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि विनोद तिवारी के खिलाफ आइटी एक्ट की धारा में मुकदमा पंजीकृत है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उन्हें डकशरीरा से गिरफ्तार किया गया। महेवाघाट थाने में आमद कराने के बाद दिल्ली एसटीएफ उन्हें अपने साथ ले गई है। इस गिरफ्तारी से कांग्रेस नेताओं में रोष है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय का कहना है कि विनोद तिवारी ने सिर्फ इंटरनेट मीडिया में एक व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया था, क्या लोकतंत्र में किसी से सवाल करना भी गुनाह हो गया। इसके अलावा गिरफ्तारी के खिलाफ इंटरनेट मीडिया में तमाम लोगों ने कमेंट करते हुए उसे राहुल गांधी व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी टैग किया है।
PM मोदी पर कमेंट करने वाले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी गिरफ्तार
