PTV BHARAT 24 JUNE 2026- कवर्धा : प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 की स्थायी सूची का ग्राम सभा में हुआ सत्यापन – कबीरधाम जिले के सभी 471 ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित ग्रामों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची का वाचन कर उसमें दर्ज हितग्राहियों के नाम, आयु, लिंग तथा अन्य विवरणों का सत्यापन किया गया और आवश्यकता अनुसार त्रुटियों का सुधार भी किया गया।
ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। उपस्थित ग्रामीणों ने पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए योजना के अंतर्गत तैयार की गई स्थायी सूची की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के स्थान पर 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना की भी जानकारी दी गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को नई योजना के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसमें 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, सात दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान, काम की मांग पर रोजगार उपलब्धता, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण तथा महिलाओं और युवाओं को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
ग्रामीणों को वर्तमान मजदूरी दर, बेरोजगारी भत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। नई योजना के अंतर्गत जल सुरक्षा एवं संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने की जानकारी भी साझा की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों के नामों का ग्राम सभा में सार्वजनिक वाचन किया गया। जिले के जनपद पंचायत बोड़ला, कवर्धा, पंडरिया और सहसपुर लोहारा क्षेत्रों के हजारों सर्वेक्षित परिवार इस सूची में शामिल हैं।
विशेष ग्राम सभाओं में सूची का वाचन कर पात्रता का परीक्षण किया गया तथा प्राप्त आपत्तियों पर जांच के बाद आवश्यक निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके आधार पर हितग्राहियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सूची को ग्राम सभा के समक्ष सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता देने पर चर्चा की गई। ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद अंतिम सूची आवास प्लस 2.0 पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

