बलौदाबाजार : जिला अस्पताल के डायलिसिस केंद्र से मिल रही किंडनी मरीजों को मदद,अब तक 14 हज़ार से अधिक सेशन

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- बलौदाबाजार : जिला अस्पताल के डायलिसिस केंद्र से मिल रही किडनी मरीजों को मदद, अब तक 14 हजार से अधिक सेशन – कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला अस्पताल में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा सतत रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में अस्पताल का डायलिसिस केंद्र किडनी रोगियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि अस्पताल में डायलिसिस सेवा वर्ष 2023 से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही है। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है। तब से लेकर अब तक डायलिसिस के 14,410 सेशन पूरे किए जा चुके हैं। कुल 197 पंजीकृत मरीज इस सेवा का लाभ ले चुके हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय निःशुल्क डायलिसिस कार्यक्रम के तहत जिले में यह सुविधा उपलब्ध है, जो पूरी तरह निःशुल्क है। 25 जून को अस्पताल में नए किडनी मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा ऑनलाइन परामर्श भी दिया जाएगा। जरूरतमंद मरीज इसका लाभ ले सकते हैं।

अस्पताल में डायलिसिस करवाने आए भाटापारा के ग्राम गोगिया निवासी सुनील कुमार ने बताया कि यह उनका केंद्र में पहला सेशन है। इससे पहले वे बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में दो सेशन करवा चुके हैं, जहां हर सप्ताह 7 से 8 हजार रुपये का खर्च आता था।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में यह सुविधा निःशुल्क मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *