रायपुर : विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विभिन गांवों में 19 निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विभिन्न गांवों में 19 निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन

बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने मंगलवार को आयोजित कार्यक्रमों में कोंडागांव जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से कुल 166.72 लाख रुपये की लागत के 19 निर्माण कार्यों की सौगात ग्रामीणों को दी गई।

इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनका लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

ग्राम पंचायत चिखलपुटी में 40.73 लाख रुपये की लागत से चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें सामुदायिक भवन निर्माण, सड़क निर्माण, सीसी सड़क निर्माण तथा प्राथमिक शाला भवन निर्माण शामिल हैं।

ग्राम पंचायत कुकाड़गारपाल में 28.23 लाख रुपये की लागत से दो कार्यों का शुभारंभ किया गया, जिनमें सीसी सड़क निर्माण और माध्यमिक शाला भवन निर्माण प्रमुख हैं।

ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में 46.79 लाख रुपये की लागत से आठ विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें बाउंड्रीवाल, सामुदायिक भवन, शेड निर्माण, स्कूल भवन, स्नानघाट, सीसी सड़क और रंगमंच निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

ग्राम पंचायत बड़ेबेंदरी में 21.14 लाख रुपये की लागत से अटल डिजिटल सुविधा केंद्र और अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत छोटे भिरावंड में 29.83 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण, नवीन उच्च प्राथमिक शाला भवन तथा मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय शेड निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदई नाग, जनपद उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, आवागमन, सामुदायिक सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *