रायपुर : प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री साय सरकार की संवेदनशील पहल से बदल रही भूमिहीन परिवारों की जिंदगी

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री साय सरकार की पहल से बदल रही भूमिहीन परिवारों की जिंदगी

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना प्रदेश के लाखों भूमिहीन और श्रमजीवी परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जो उनके लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बन रही है।

रायगढ़ जिले में इस योजना के अंतर्गत 32 हजार से अधिक पात्र हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है, जिससे पारदर्शिता के साथ समय पर आर्थिक सहायता सुनिश्चित हो रही है। यह योजना विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहत लेकर आई है, जिनकी आजीविका मजदूरी और पारंपरिक व्यवसायों पर निर्भर है।

जिले के नगरीय क्षेत्रों में नगर पंचायत घरघोड़ा के 65, धरमजयगढ़ के 563, पुसौर के 371, किरोड़ीमल नगर के 9 तथा लैलूंगा के 304 हितग्राही योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खरसिया के 7,391, घरघोड़ा के 1,135, छाल के 790, तमनार के 2,433, धरमजयगढ़ के 2,313, पुसौर के 7,360, मुकड़ेगा के 303, रायगढ़ के 6,985 तथा लैलूंगा के 2,020 लाभार्थी इस योजना से जुड़े हुए हैं।

यह योजना केवल भूमिहीन कृषि मजदूरों तक सीमित नहीं है, बल्कि वनोपज संग्राहकों, चरवाहों, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी और अन्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े परिवारों को भी आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।

ग्राम कोसमनारा के हरि प्रसाद डनसेना ने बताया कि भूमिहीन होने के कारण परिवार की आजीविका मजदूरी पर निर्भर थी। सीमित आय में परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन था, लेकिन योजना से मिलने वाली सहायता राशि ने आर्थिक बोझ कम किया है। वहीं कुंती देवांगन ने कहा कि यह राशि परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में काफी मददगार साबित हो रही है।

कांशीचुआ के जगतराम सारथी ने योजना को भूमिहीन मजदूर परिवारों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे भविष्य की जरूरतों की बेहतर योजना बनाई जा रही है। रेवती बाई ने भी बताया कि योजना से उन्हें आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास मिला है।

हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनकर सामने आई है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना प्रदेश में समावेशी विकास और सामाजिक न्याय को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *