रायपुर : रामगढ़ की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाएगा रामगढ़ महोत्सव: मंत्री राजेश अग्रवाल

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : रामगढ़ की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाएगा रामगढ़ महोत्सव – मंत्री राजेश अग्रवाल

सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर स्थित रामवनगमन पर्यटन स्थल रामगढ़ में आगामी 29 और 30 जून को आषाढ़ माह के प्रथम दिवस पर दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को अंबिकापुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक जोगावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था, रामजानकी मंदिर परिसर से सीताबेंगरा गुफा तक प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, स्टॉल सज्जा, राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, विद्यालयीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवा उपलब्ध कराने का सुझाव भी रखा गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। रामगढ़ महोत्सव के माध्यम से इसकी ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व से समृद्ध रामगढ़ में इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य और आकर्षक होगा। महोत्सव में राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, विद्यालयीन सांस्कृतिक कार्यक्रम, शास्त्रीय संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों सहित अनेक सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मंत्री श्री अग्रवाल ने स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना और लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाना महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि रामगढ़ विश्व की प्राचीनतम नाट्यशालाओं में से एक माना जाता है और यह स्थल संस्कृति, साहित्य, इतिहास और पर्यटन का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित होने वाला यह महोत्सव क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

रामगढ़ महोत्सव-2026 से क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। आयोजन से स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *