PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, यात्रियों को बड़ी राहत
सरगुजा संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के संचालन को साप्ताहिक से बढ़ाकर द्विसाप्ताहिक (सप्ताह में दो दिन) करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस फैसले का पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए जनहित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस उत्तर छत्तीसगढ़ की प्रमुख रेल सेवाओं में से एक है और दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम का कार्य करती है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि सप्ताह में दो दिन संचालन शुरू होने से यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे और प्रतीक्षा सूची की समस्या में भी कमी आएगी। इसका विशेष लाभ विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों तथा बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों की यात्रा करने वाले मरीजों को मिलेगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रेलवे के आधुनिकीकरण और नई रेल सेवाओं के विस्तार का लाभ अब सरगुजा जैसे क्षेत्रों तक भी पहुंच रहा है। यह निर्णय क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा।
उन्होंने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे मंत्रालय ने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार कर जनभावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तर छत्तीसगढ़ को रेलवे क्षेत्र में और भी नई सुविधाएं तथा महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को द्विसाप्ताहिक किए जाने का निर्णय सरगुजा संभाग के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्र की राजधानी दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस घोषणा के बाद सरगुजा क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। माना जा रहा है कि बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

