महासमुंद : सेवा सेतु पोर्टल से लोकेश्वर यादव को घर बैठे मिला विवाह प्रमाण पत्र

PTV BHARAT 25 JUNE 2026- महासमुंद : सेवा सेतु पोर्टल से लोकेश्वर यादव को घर बैठे मिला विवाह प्रमाण पत्र

राज्य सरकार की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु’ पोर्टल आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं को आसान और सुलभ बना रहा है। महासमुंद जिले के निवासी लोकेश्वर यादव ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया और मात्र 10 दिनों में उन्हें प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।

लोकेश्वर यादव ने बताया कि पहले किसी भी प्रमाण पत्र के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के जरिए उन्होंने घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया और आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद समय-सीमा के भीतर उनका विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुविधाजनक रही। आवेदन की स्थिति की जानकारी भी उन्हें ऑनलाइन मिलती रही, जिससे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने इस सुविधा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित कई सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। व्हाट्सएप से जुड़ी इस व्यवस्था के जरिए नागरिक घर बैठे आवेदन की जानकारी और उसकी प्रगति भी देख सकते हैं।

डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित हो रही है, जिससे नागरिकों का समय और संसाधनों की बचत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *