सूरजपुर : सेवा सेतु केंद्र बना संध्या के लिए सहारा, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान

PTV BHARAT 26 JUNE 2026 : सूरजपुर : सेवा सेतु केंद्र बना संध्या के लिए सहारा, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान-राज्य शासन द्वारा डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित तहसील कार्यालय परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से छात्रा संध्या देवांगन को भी वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिली। वर्ष 2017 में आधार कार्ड गुम हो जाने और आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण उन्हें नया आधार कार्ड प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर संध्या ने अपनी समस्या बताई, जिस पर केंद्र के कर्मचारियों ने आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता प्रदान की। निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर उनकी समस्या का समाधान किया गया और उन्हें नया आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया। संध्या ने इस जनहितैषी पहल के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है तथा सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच और अधिक सुगम हुई है। सेवा सेतु पोर्टल के अंतर्गत वर्तमान में 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एकीकृत रूप से उपलब्ध हैं, जिनमें जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, राजस्व प्रकरणों से संबंधित सेवाएं तथा नाम परिवर्तन के लिए राजपत्र प्रकाशन सहित अनेक नागरिक सेवाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *