रायपुर : सिंगल विंडो सिस्टम (एकल कक्ष) बना ग्रामीणों के लिए वरदान

PTV BHARAT 28 JUNE 2026 रायपुर : सिंगल विंडो सिस्टम (एकल कक्ष) बना ग्रामीणों के लिए वरदान – सुकमा जिला कलेक्ट्रेट में संचालित सिंगल विंडो सिस्टम (एकल कक्ष) दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय दस्तावेज और प्रमाण-पत्र एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनका समय और धन दोनों बच रहे हैं तथा अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही।

24 घंटे में मिला आधार कार्ड

पुनर्वास केंद्र के हितग्राही माड़वी नागेश और माड़वी हांदा ने आधार पंजीयन के लिए आवेदन किया था। जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से मात्र 24 घंटे के भीतर उनका नया आधार कार्ड तैयार कर दिया गया।

इसी प्रकार ग्राम रोकेल निवासी कनवल राम को नया वोटर आईडी कार्ड तथा ग्राम कुम्हाररास के अजय कुमार को आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र की पावती मौके पर ही उपलब्ध कराई गई। डिप्टी कलेक्टर शबाब खान ने हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेज सौंपे।

ग्रामीणों ने जताया आभार

समय पर शासकीय दस्तावेज मिलने पर हितग्राहियों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि अब आवश्यक दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं।

सुशासन की दिशा में प्रभावी पहल

डिप्टी कलेक्टर शबाब खान ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम (एकल कक्ष) इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है, जो न केवल आम नागरिकों की सुविधा बढ़ा रही है बल्कि सुशासन और जनविश्वास को भी मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *