PTV BHARAT 28 JUNE 2026 रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एटीआर क्षेत्र के गांवों में लगाई जनचौपाल – उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्रामों—जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही, बम्हनी, कटामी और अचानकमार—में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी की गईं।
ग्राम जमुनाही में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दे रही है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिवतराई-केवची सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है और वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं बिजराकछार-औरापानी सड़क को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
ग्रामीणों द्वारा बिजली और पेयजल की समस्या उठाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही जमुनाही में सड़क मरम्मत, 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, देवभूमि में हैंडपंप स्थापना तथा पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना, पेंशन और राशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा गणेश चौक में गणेश पंडाल हेतु शेड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण का सर्वे पूरा होने और जल्द कार्य प्रारंभ होने की जानकारी दी। इस दौरान स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की गई।
सुरही में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यहां 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की गई।
बम्हनी में आयोजित जनचौपाल के दौरान उन्होंने बताया कि गांव के 111 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा 206 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे। साथ ही निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र प्रयास का भरोसा दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कटामी एवं छपरवा में हैंडपंप और पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बिंदावल में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण तथा पानी और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की घोषणा की।
जनचौपालों में मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

