​रायपुर : सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खनिज माफियाओं पर बड़ा प्रहार

PTV BHARAT 30 JUNE 2026 रायपुर : सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खनिज माफियाओं पर बड़ा प्रहार – सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज के अवैध कारोबार में लिप्त माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के कड़े रुख के बाद खनिज विभाग की टीम ने पिछले पांच दिनों तक जिले के संदिग्ध इलाकों में सघन छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 8 स्वीकृत क्रेशर और भंडारण सील

सारंगढ़, सरिया और बरमकेला तहसील में निरीक्षण के दौरान भारी अनियमितता पाए जाने पर ‘छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009’ के तहत कुल 8 स्वीकृत भंडारण एवं क्रेशर परिसरों को जब्त कर सील कर दिया गया। इनमें मेसर्स सिंघल क्रशर उद्योग (प्रो. गोपाल प्रसाद अग्रवाल), मेसर्स गणपति ग्रामोद्योग (प्रो. रमेश छपारिया), मेसर्स जय मां शारदा मिनरल्स (प्रो. हिमांशु अग्रवाल), मेसर्स मंगल क्रशर उद्योग (प्रो. दीपक अग्रवाल), मेसर्स श्री सालासर इंटरप्राइजेस (प्रो. प्राची बेरीवाल), मेसर्स हरिओम मिनरल्स (प्रो. शत्रुघन लाल अग्रवाल), मेसर्स मां अम्बे स्टोन क्रेशर (प्रो. निरजा अग्रवाल) और मेसर्स श्री श्याम मिनरल्स (प्रो. पूनम देवी अग्रवाल) शामिल हैं।

पर्यावरण नियमों को ताक पर रखने वाली माइंस भी बंद

क्रेशरों के साथ-साथ गुड़ेली स्थित मेसर्स बाबा मिनरल्स (प्रो. राजेश अग्रवाल) के स्वीकृत उत्खनन पट्टा (माइंस) पर भी कार्रवाई की गई। यहां ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015’ और पर्यावरण स्वीकृति (Environmental Clearance) की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर खदान को तत्काल प्रभाव से जब्त कर सील कर दिया गया। सभी मामलों में नियमानुसार आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

अवैध परिवहन करते 2 हाइवा और 8 ट्रैक्टर जब्त

मंगलवार को सरिया तहसील में खनिज विभाग की टीम ने अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गौण खनिज डोलोमाइट का अवैध परिवहन कर रहे 2 हाइवा वाहन (CG-13-AX-0311 एवं CG-13-BK-5842) तथा साधारण रेत का अवैध परिवहन कर रहे 8 ट्रैक्टर जब्त किए। सभी 10 वाहनों पर ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015’ एवं ‘खान एवं खनिज विकास अधिनियम 1957’ की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सरिया थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों की चोरी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *