रायपुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

PTV BHARAT 2 JULY 2026 रायपुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की – लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों, मैदानी अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर प्रदेश में निर्माणाधीन पुलों, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। रायपुर के सिरपुर भवन स्थित सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण कर हर महीने प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित माइलस्टोन के अनुसार समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने तथा अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्य के निर्माणाधीन पुलों की संभागवार एवं वर्षवार समीक्षा की गई। उन्होंने बस्तर में आरसीपीएलडब्ल्यूए (RCPLWA) के अंतर्गत निर्माणाधीन पुलों का कार्य हर हाल में दिसंबर तक पूरा करने को कहा। साथ ही पुलों, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की प्रत्येक प्रक्रिया के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभागीय सचिव ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने, सड़क सुरक्षा के सभी मापदंडों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मैदानी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर ठेकेदारों के कार्यों का समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों को हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 तथा पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के नए कार्यों के प्राक्कलन 31 जुलाई तक भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पहुंचविहीन गांवों के लिए बारहमासी संपर्क मार्गों तथा द्रुतगामी सड़कों पर आवश्यक पुलों के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार करने को कहा। उन्होंने भू-अर्जन, वन स्वीकृति, पेड़ कटाई, ब्लास्टिंग अनुमति और स्थल विवाद जैसे लंबित मामलों का कलेक्टरों के समन्वय से शीघ्र निराकरण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में पुल निर्माण पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने भारत सरकार के गतिशक्ति पोर्टल पर सभी पुलों की जानकारी 10 जुलाई तक अपलोड करने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, अधीक्षण अभियंता डी.के. माहेश्वरी सहित सभी मंडलों एवं संभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्काई-वॉक के संचालन एवं रखरखाव की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

बैठक में रायपुर में निर्माणाधीन स्काई-वॉक परियोजना की भी समीक्षा की गई। सचिव ने इसके संचालन, रखरखाव, साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के पूर्ण होने के बाद इसे नगर निगम को हस्तांतरित करने के संबंध में भी चर्चा करने को कहा।

अधिकारियों ने बताया कि 1.2 किलोमीटर लंबे स्काई-वॉक का निर्माण इस वर्ष दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसमें लोगों की सुविधा के लिए 9 एस्केलेटर और 4 लिफ्ट भी स्थापित किए जाएंगे।

ठेकेदारों के साथ बैठक, गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर

मुकेश कुमार बंसल ने पुल निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदारों के साथ अलग बैठक कर कार्यस्थलों पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अनुबंध के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, वर्षभर आवागमन और माल परिवहन के लिए पुलों का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *