रायपुर : अबूझमाड़ के कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन ने बदली जिंदगी

PTV BHARAT 6 JULY 2026 रायपुर : अबूझमाड़ के कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन ने बदली जिंदगी – दूरस्थ अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से सुरक्षित पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित गांव के सभी 25 परिवारों को नल कनेक्शन से जोड़ा गया है।

पहले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पीने का पानी लाने के लिए कई किलोमीटर दूर नदी, नालों और पहाड़ी झरनों तक जाना पड़ता था। दूषित पानी के उपयोग से जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था। अब घर पर ही स्वच्छ पानी उपलब्ध होने से समय और श्रम की बचत के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है।

दुर्गम क्षेत्र और बिजली की अनिश्चितता को देखते हुए गांव में 10 हजार लीटर क्षमता की सोलर आधारित पानी टंकी स्थापित की गई है। इसके साथ लगभग 2700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर सभी परिवारों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि घर में नल से पानी मिलने के बाद उनका समय बच रहा है, जिसका उपयोग वे खेती और अन्य घरेलू कार्यों में कर पा रही हैं। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है।

योजना की सफलता के बाद गांव में ‘हर घर जल उत्सव’ का आयोजन किया गया। ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, पानी की शुद्धता और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया तथा जल संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *