PTV BHARAT 6 JULY 2026 रायपुर : बस्तर में बैंक सखियां बन रहीं ग्रामीणों का आर्थिक संबल – बस्तर जिले के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में 141 बैंक सखियां ग्रामीणों को उनके गांव में ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। माइक्रो एटीएम और आधार आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से नकद निकासी, जमा, बैलेंस जांच और धन अंतरण जैसी सुविधाएं मिलने से ग्रामीणों का समय और धन दोनों बच रहे हैं।
जून माह में बैंक सखियों ने पेंशन योजनाओं के 3,166 हितग्राहियों को 28 लाख 67 हजार रुपये से अधिक और महतारी वंदन योजना के 4,097 हितग्राहियों को 38 लाख 82 हजार रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई। स्वयं सहायता समूहों के 22,367 हितग्राहियों को 2 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक तथा वीबी-जी रामजी योजना के 2,103 हितग्राहियों को 15 लाख 46 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।
इसके अलावा 12 हजार से अधिक अन्य वित्तीय लेन-देन के माध्यम से 1 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया। बैंक सखियों की सेवाओं से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दूरस्थ गांवों के निवासियों को राहत मिल रही है।
बैंक सखियां ग्रामीणों को डिजिटल भुगतान, सुरक्षित बैंकिंग, नियमित बचत और वित्तीय साक्षरता के प्रति भी जागरूक कर रही हैं। इससे गांवों में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और वित्तीय समावेशन को मजबूती मिल रही है।
बस्तर में बैंक सखियां गांव और बैंक के बीच महत्वपूर्ण सेतु बनकर अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

