PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : सड़क नहीं, समृद्धि का नया मार्ग, NH-130D ने बदली नारायणपुर की तस्वीर – नारायणपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी के कोण्डागांव-नारायणपुर मार्ग पर 12.6 किलोमीटर लंबे खंड के उन्नयन और मजबूतीकरण से क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। यह सड़क अब केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव का मजबूत आधार बनकर उभरी है।
पहले जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण यात्रा में घंटों लगते थे तथा बारिश के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। अब सड़क के चौड़ीकरण और उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण से यात्रा का समय लगभग आधा हो गया है और सफर अधिक सुरक्षित व सुगम हो गया है।
नई सड़क का सीधा लाभ किसानों और व्यापारियों को मिल रहा है। कृषि उपज अब आसानी से मंडियों तक पहुंच रही है, परिवहन लागत में कमी आई है और ईंधन व वाहन रखरखाव का खर्च भी घटा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सड़क महत्वपूर्ण साबित हो रही है। अब गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को एम्बुलेंस के माध्यम से कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं विद्यार्थियों के लिए स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थानों तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस परियोजना से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। NH-130D अब नारायणपुर में रोजगार, व्यापार और समग्र विकास की नई संभावनाओं का मार्ग बन रही है।

