PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से बालिकाओं को मिल रही सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगौटी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय, साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता, वित्तीय साक्षरता और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विस्तार से जागरूक किया गया।
प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना और सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल संरक्षण अधिकारियों ने बाल विवाह के दुष्परिणाम, किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधान और यातायात सुरक्षा नियमों पर भी जानकारी साझा की तथा किसी भी आपात स्थिति या शोषण की आशंका होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की।
महिला एवं बाल विकास विभाग का उद्देश्य ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

