PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – गरियाबंद : जवाहर नवोदय विद्यालय पांडुका में मनाया गया नवोदय फाउंडेशन डे – पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, पांडुका में नवोदय फाउंडेशन डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय समिति की स्थापना, उसके उद्देश्यों तथा साधारण परिवारों से असाधारण नागरिक तैयार करने की परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या महिमा सिन्हा एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में एसीएफ गरियाबंद नदीम कृष्ण तथा मेडिकल ऑफिसर पांडुका डॉ. देवेंद्र दिली उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 12वीं की छात्राओं ने नवोदय के पूर्व छात्र एवं आईएएस अधिकारी डॉ. राजेंद्र के जीवन संघर्ष पर आधारित प्रेरक प्रस्तुति दी। वहीं कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने सामाजिक असमानता पर आधारित नाटिका के माध्यम से शिक्षा और संकल्प के महत्व को दर्शाया। कक्षा 12वीं की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य तथा कक्षा 7वीं की छात्राओं ने कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। ईशांत एवं चंचल यादव ने नवोदय पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए।
नदीम कृष्ण ने अपने संबोधन में कहा कि नवोदय ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जिसने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा और संस्कार दिए। डॉ. देवेंद्र दिली ने कहा कि नवोदय का अनुशासित वातावरण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्राचार्या महिमा सिन्हा ने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन को सफलता का आधार बताते हुए अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। शिक्षक के.एल. देवांगन ने शिक्षा के साथ विनम्रता और संस्कार के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक अमर राहुजा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं के छात्र मनीष एवं कुणाल ने किया।

