PTV BHARAT 07 AUGUST 2026 – रायपुर : अधिक मूल्य पर खाद बेचने वाली एजेंसी का विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित – अधिसूचित प्राधिकारी (उर्वरक) एवं कांकेर जिले में कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा ने कोयलीबेड़ा विकासखंड के पखांजूर में अधिक कीमत पर उर्वरक विक्रय किए जाने की शिकायत के आधार पर संबंधित एजेंसी का उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। भानुप्रतापपुर के अनुविभागीय कृषि अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
अधिसूचित प्राधिकारी (उर्वरक) एवं उप संचालक कृषि जितेन्द्र कोमरा ने बताया कि पखांजूर के कृषक रवीन मजूमदार (पीव्ही-14) एवं सुदाम गाईन (पीव्ही-12) ने मेसर्स देवनाथ एजेंसी के प्रोप्राइटर शतदल देवनाथ (नया बाजार, पखांजूर) के खिलाफ कृषि सामग्री (खाद) निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद अनुविभागीय कृषि अधिकारी, भानुप्रतापपुर की अध्यक्षता में जांच दल गठित किया गया। संबंधित किसानों के लिखित बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। शिकायत सही पाए जाने पर अधिसूचित प्राधिकारी (उर्वरक) एवं उप संचालक कृषि ने उर्वरक (अकार्बनिक, कार्बनिक एवं मिश्रण) (नियंत्रण) आदेश, 1985 के खंड-31(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए मेसर्स देवनाथ एजेंसी, प्रोप्राइटर शतदल देवनाथ, नया बाजार, पखांजूर, विकासखंड कोयलीबेड़ा को जारी उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र को अंतरिम उपाय के रूप में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।

