PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में आयोजित “आजादी का गौरव” छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी एवं रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, वीर शहीदों के त्याग एवं राष्ट्र निर्माण की यात्रा को दर्शाती छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।टाउन हॉल रायपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे “Victoria Jubilee Town Hall” (विक्टोरिया जुबली टाउन हॉल) के नाम से जाना जाता था। इसका उद्घाटन 12 अप्रैल 1890 को तत्कालीन छत्तीसगढ़ डिवीजन के कमिश्नर ए. एच. एल. फ्रेज़र एस्क्वायर द्वारा किया गया था।एक सदी से भी अधिक समय से यह ऐतिहासिक भवन रायपुर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक जीवन का साक्षी रहा है। इस भवन से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियां रायपुर की विरासत और शहर के गौरवशाली अतीत को प्रतिबिंबित करती हैं।कार्यक्रम के दौरान रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के समक्ष टाउन हॉल के सुसज्जीकरण एवं संरक्षण का विषय रखा। विधायक श्री मिश्रा ने आग्रह किया कि ऐतिहासिक टाउन हॉल के सुसज्जीकरण हेतु ₹50 लाख तथा शहीद स्मारक के सुसज्जीकरण हेतु ₹50 लाख की राशि स्वीकृत की जाए।विधायक मिश्रा ने कहा कि टाउन हॉल केवल एक भवन नहीं, बल्कि रायपुर के इतिहास और सामाजिक जीवन की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसी प्रकार शहीद स्मारक हमारे उन वीर सपूतों की स्मृतियों का प्रतीक है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इन ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सकें।मुख्यमंत्री ने तत्काल की ₹1 करोड़ की घोषणाविधायक पुरन्दर मिश्रा के आग्रह एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने टाउन हॉल एवं शहीद स्मारक के सुसज्जीकरण के लिए कुल ₹1 करोड़ की राशि की घोषणा की।मुख्यमंत्री की इस घोषणा का उपस्थित नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया। इस राशि से ऐतिहासिक टाउन हॉल के संरक्षण, साज-सज्जा एवं सुविधाओं के उन्नयन के साथ-साथ शहीद स्मारक को भी अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की यह घोषणा रायपुर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विकास केवल नए निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी पुरानी ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने कहा कि “आजादी का गौरव” छायाचित्र प्रदर्शनी और स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर ऐतिहासिक स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। टाउन हॉल जैसे ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित एवं विकसित करने से युवा पीढ़ी को अपने शहर के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।मिश्रा ने कहा कि टाउन हॉल की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसके सुसज्जीकरण से यह स्थल आने वाले समय में रायपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए और अधिक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।
विधायक पुरन्दर मिश्रा के आग्रह पर मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, ऐतिहासिक धरोहरों के लिए ₹1 करोड़
