PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जीपीएम जिले में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ जिले में हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस अमर रहे, राष्ट्र गीत वंदे मातरम्, राष्ट्र गान जन-गण-मन और देशभक्ति गीतों की गूंज से समूचा वातावरण सराबोर रहा। गुरुकुल खेल मैदान पेंड्रारोड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह थे। उन्होंने आन-बान और शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन कर छत्तीसगढ़ में हुए चहुंमुखी विकास और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी एवं परेड कमांडर भुपेंद्र सिंह कुर्रे के साथ सुसज्जित निरीक्षण वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और हाथ लहराकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
समारोह में शांति एवं सद्भावना के प्रतीक के रूप में तीन रंगों-केसरिया, सफेद एवं हरे रंग के गुब्बारों का गुच्छा स्वतंत्रता दिवस अमर रहे की उद्घोष के साथ खुले आसमान में छोड़े गए। राष्ट्रगान की धुन पर जिला पुलिस बल द्वारा तीन राउंड में हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड की दस टुकड़ियों द्वारा सधे हुए और कदम-ताल मिलाते हुए शानदार मार्च पास्ट किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य अतिथि ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ फोटो सेशन कराया।
मुख्य अतिथि ने शहीद स्वर्गीय शिव नारायण सिंह बघेल के परिवार को सम्मानित किया। इस अवसर पर साइबर क्राइम के विरुद्ध जागरूकता के लिए 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले साइबर जागृति अभियान का मुख्य अतिथि ने शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 49 व्यक्तियों-संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या विद्यालय पेंड्रा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नेवसा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। परेड में सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल को प्रथम, नगर सेना महिला वर्ग को द्वितीय एवं वनमंडल के प्लाटून को तृतीय स्थान और जूनियर वर्ग में एनसीसी को प्रथम, स्काउट्स को द्वितीय और एनएसएस को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया को प्रथम, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला को द्वितीय और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। समारोह में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित थे।

