PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : स्वतंत्रता दिवस पर जिला पंचायत में आन-बान-शान से फहराया तिरंगा – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने आन-बान और शान के साथ तिरंगा फहराया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि “स्वतंत्रता हमें अथक प्रयासों और अनगिनत बलिदानों के बाद मिली है। देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे वीर सपूतों को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। आज हम जो सुरक्षित और स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं, वह हमारे देश के वीर सपूतों के कारण ही संभव हुआ है। स्वतंत्रता दिवस हमें उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने के साथ देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने कहा कि हम सब का प्रयास होना चाहिए कि मातृशक्ति को केंद्र में रखते हुए ऐसी योजनाएं और पहल तैयार की जाएं, जिनसे महिलाओं को सम्मान, अवसर और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी मिले। ग्राम पंचायत स्तर तक बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए ऐसा मैत्रीपूर्ण, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण विकसित किया जाए, जहां वे अपनी बात खुलकर रख सकें, अपनी समस्याएं साझा कर सकें और विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने भी वीर शहीदों को नमन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी नागरिकों से “हर घर तिरंगा” अभियान में सहभागिता निभाने तथा देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

