PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – कोरबा : कोरबा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया – कोरबा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस उमंग, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह सीएसईबी कोरबा (पूर्व) स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राष्ट्रगान हुआ, सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया और अनेकता में एकता का संदेश देते हुए रंगीन गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। उनके साथ कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी उपस्थित थे।
परेड में सीआईएसएफ, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, नगर सेना, वन रक्षक, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहा।
मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार:
परेड प्रोफेशनल प्रथम- सीआईएसएफ, द्वितीय- जिला पुलिस महिला, तृतीय- नगर सेना महिला
परेड नॉन प्रोफेशनल प्रथम- एनसीसी जूनियर बालिका, द्वितीय- गाइड सीनियर बालिका, तृतीय- एनसीसी सीनियर बालक
सांस्कृतिक प्रथम – दिव्य ज्योति विशेष स्कूल डिंगापुर, द्वितीय- कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, तृतीय- निर्मला उ.मा.वि. रिस्दी
समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

