रायपुर : जशपुर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा रणजीता स्टेडियम

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – जशपुर : जशपुर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा रणजीता स्टेडियम – जिला मुख्यालय जशपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रणजीता स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया।

राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद मुख्य अतिथि अग्रवाल ने कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर शांति और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।

समारोह में कुल 12 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंट ने किया, जबकि टू-आईसी का दायित्व सूबेदार रवि साहू ने निभाया। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस बल, छत्तीसगढ़ बल महिला, नगर सेना पुरुष एवं महिला, एनसीसी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग, एनएसएस, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वनवासी कल्याण आश्रम, सेंट जेवियर शांति भवन, सरस्वती शिशु मंदिर सहित विभिन्न संस्थाओं के दलों ने शानदार परेड प्रस्तुत की।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का आत्मीय सम्मान

मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में सेंट जेवियर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर के विद्यार्थियों ने बैंड के साथ देशभक्ति की धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन प्रस्तुत कर समारोह में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

कल्याण आश्रम पूर्व माध्यमिक शाला, सेजेश हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरांचल इंग्लिश मीडियम स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, संत जेवियर्स शांति भवन हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम नवीन आदर्श जशपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों में देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 167 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

समारोह में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के लगभग 167 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जिला जनसंपर्क कार्यालय के 2, जय हो स्वयंसेवक के 11, मछली पालन विभाग के 2, नगर पंचायत कोतबा के 2, श्रम विभाग के 2, वन विभाग के 16, शिक्षा विभाग के 18, पशु विभाग के 2, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन के 1, महिला एवं बाल विकास विभाग के 18, जिला आयुष विभाग के 2, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के 2, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के 3, कृषि विभाग के 7, जिला पंचायत के 17, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के 1, उद्यान विभाग के 1, राजस्व विभाग के 9, पुलिस विभाग के 21, आदिम जाति कल्याण विभाग के 10, आबकारी विभाग के 2 तथा स्वास्थ्य विभाग के 12 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति

समारोह में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डी. आर. राठिया एवं जयेश सौरभ टोपनो ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *