PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – रायगढ़ : रायगढ़ में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस – रायगढ़ जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात वित्त मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। समारोह में परेड द्वारा सलामी, मार्चपास्ट, हर्ष फायर, राष्ट्रगान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन, शहीद परिवारों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस मां भारती की वंदना और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की गौरवशाली यात्रा से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शहीद परिवारों का किया सम्मान
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित परिवारजनों में शहीद आर.स्व. लक्ष्मीनारायण राठिया, शहीद आर.स्व. बीर सिंह श्रीवास, शहीद प्र.आर. राघवराम ओझा, शहीद आर. सुखसाय भगत, शहीद आर. शिव कुमार सिदार, शहीद स्व. तनिकलाल पटेल, शहीद आर.स्व. राजाराम एक्का, शहीद एपीसी स्व. पंचराम भगत, शहीद प्लाटून कमांडर स्व. गीताराम राठिया तथा शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के परिजन शामिल रहे।
देशभक्ति से सराबोर रहा सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह में छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कार्मेल कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल ने प्रथम, सेंट जेवियर्स स्कूल ने द्वितीय तथा लिटिल एंजल स्कूल पुसौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। आदर्श बाल मंदिर स्कूल, विद्या विकास कॉन्सेप्ट एवं शालिनी मुक्ति प्रकाश स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
उत्कृष्ट कार्य के लिए 147 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के 147 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री चौधरी ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए जनसेवा के कार्यों को इसी समर्पण, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
सर्वश्रेष्ठ परेड दलों को भी मिला सम्मान
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमित सिंह एवं सेकेंड इन कमांड सूबेदार प्रेमचंद के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट किया। पुलिस वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 6वीं वाहिनी ने प्रथम, जिला महिला पुलिस बल ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गैर-पुलिस वर्ग में एनसीसी सीनियर डिवीजन ने प्रथम, एनसीसी सीनियर विंग ने द्वितीय तथा गर्ल्स गाइड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता परेड दलों को सम्मानित किया गया।
साइबर जागृति अभियान के तहत दिया जागरूकता का संदेश
समारोह के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साइबर जागृति अभियान के तहत सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, आधार नंबर और पासवर्ड साझा न करें। अनजान एपीके लिंक पर क्लिक करने से बचें और अनजान व्हाट्सऐप वीडियो कॉल से भी सावधान रहें। उन्होंने कहा कि मोबाइल एप्लीकेशन केवल आधिकारिक प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
समारोह में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।

