रायपुर : नारायणपुर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – नारायणपुर : नारायणपुर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस – नारायणपुर जिले के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के साथ परेड का निरीक्षण करने के बाद मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में एकता और अखंडता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे गगन में छोड़े गए और हर्ष फायर किया गया।

मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री के संदेश के जरिए शासन की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने बस्तर के विकास, ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बस्तर के नवनिर्माण का संकल्प दोहराया।

परेड एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता

सशस्त्र टोली में प्रथम स्थान नगर सेना नारायणपुर (महिला), द्वितीय स्थान सीमा सुरक्षा बल (BSF) और तृतीय स्थान जिला पुलिस बल (महिला) ने हासिल किया। शस्त्र रहित एवं बैण्ड टोली में प्रथम स्थान रामकृष्ण मिशन विवेकानंद विद्यापीठ (बालक NCC), द्वितीय स्थान रामकृष्ण मिशन (बालिका NCC) और तृतीय स्थान रामकृष्ण मिशन बैण्ड दल को मिला। इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान पोटा केबिन देवगांव, द्वितीय उ.प्रा. शा. बंगलापारा और तृतीय स्थान सरस्वती शिशु मंदिर कुम्हारपारा ने प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान सेजेस बखरूपारा, द्वितीय सेजेस महावीरचौक और तृतीय स्थान सरस्वती शिशु मंदिर कुम्हारपारा को मिला।

इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा 28 शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *