रायपुर : रायगढ़ के नगर वन को ऑक्सीजन हब और पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित : ओपी चौधरी

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – रायगढ़ : रायगढ़ के नगर वन को ऑक्सीजन हब और पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित : ओपी चौधरी – स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ के नगर वन में युवाओं के साथ वन महोत्सव वृक्षारोपण महाभियान में सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बरगद, पीपल सहित विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आज देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और इस पावन अवसर पर रायगढ़ के इस सुंदर एवं रमणीय स्थल पर वृक्षारोपण करना गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ के विचार और पर्यावरण संरक्षण की भावना को आगे बढ़ाते हुए नगर वन में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर वन को रायगढ़ शहर के हृदय स्थल में एक सुंदर, हराभरा और रमणीय स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। आने वाले समय में यह स्थान शहर के लिए महत्वपूर्ण ऑक्सीजन हब के साथ-साथ एक बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। इससे रायगढ़वासियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि नगर वन में आज बरगद, पीपल सहित विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधे लगाने से ज्यादा महत्वपूर्ण उन्हें सुरक्षित रखते हुए जीवित रखना है। प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के महीनों में पौधों को पानी की आवश्यकता होने पर टैंकर के माध्यम से सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। सभी पौधों को जीवित रखने के लिए विभाग पूरी कार्ययोजना के साथ काम करे, ताकि नगर वन आने वाले वर्षों में एक घना और सुंदर हरित क्षेत्र बन सके।

एक वर्ष में विकसित करने का संकल्प

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नगर वन के इस रमणीय स्थल को रायगढ़ के नागरिकों के लिए एक बेहतरीन स्थान के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष के भीतर नगर वन को बेहतर स्वरूप देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, ताकि यह स्थान रायगढ़वासियों के लिए पर्यावरण, स्वास्थ्य और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, पर्यावरण प्रेमी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *