PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : तिरंगे की शान और देशभक्ति के जज्बे के साथ जीपीएम में मना 80वां स्वतंत्रता दिवस – जीपीएम जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
स्वतंत्रता दिवस अमर रहे, वंदे मातरम्, भारत माता की जय के उद्घोष तथा राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा। मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के संदेश के माध्यम से छत्तीसगढ़ में हो रहे चहुंमुखी विकास और जनसेवा के कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।
सधे कदमों से जवानों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट
ध्वजारोहण से पूर्व मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी एवं परेड कमांडर भूपेंद्र सिंह कुर्रे के साथ सुसज्जित निरीक्षण वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथ हिलाकर उपस्थित नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया।
समारोह में शांति एवं सद्भावना के प्रतीक के रूप में केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारों का गुच्छा स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के उद्घोष के साथ खुले आसमान में छोड़ा गया। राष्ट्रगान की धुन पर जिला पुलिस बल द्वारा तीन राउंड हर्ष फायर किया गया।
परेड की 10 टुकड़ियों ने सधे हुए कदमों और अनुशासित कदमताल के साथ शानदार मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ छायाचित्र भी खिंचवाए। अनुशासन और जोश से भरी परेड समारोह का प्रमुख आकर्षण रही।
शहीद परिवार का सम्मान, साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ
मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने शहीद स्वर्गीय शिव नारायण सिंह बघेल के परिवार को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर साइबर अपराध के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ भी किया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, सतर्कता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 49 व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान
समारोह में जिले में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 49 व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सम्मानित व्यक्तियों एवं संस्थाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह जनसेवा और समाजहित में निरंतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्कूली बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या विद्यालय पेंड्रा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नेवसा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
परेड में जिला पुलिस बल और सांस्कृतिक कार्यक्रम में डोंगरिया विद्यालय प्रथम
परेड के वरिष्ठ वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम, नगर सेना महिला वर्ग ने द्वितीय तथा वनमंडल के प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में एनसीसी ने प्रथम, स्काउट्स ने द्वितीय तथा एनएसएस ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया ने प्रथम, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला ने द्वितीय तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।

