PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – सूरजपुर : सूरजपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस – सूरजपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सूरजपुर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की सामूहिक प्रस्तुति से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे एवं शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीएफओ डी.पी. साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

