PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – महासमुंद : महासमुंद में जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने किया ध्वजारोहण – महासमुंद जिले में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। देश की आजादी के 79 वर्ष पूरा होने के साथ ही 80वें स्वतंत्रता दिवस जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल के मंच में आगमन के पश्चात सर्वप्रथम वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री दयालदास बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मंच पर मौजूद थे।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार ईश्वर साहू के नेतृत्व में 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन एनसीसी, एनएसएस महाविद्यालय एवं विद्यालय, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस की कुल 10 टुकड़ियों ने सलामी दी। मुख्य अतिथि मंत्री बघेल द्वारा मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया एवं हर्ष के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। तत्पश्चात प्लाटूनों द्वारा मार्च पास्ट एवं सलामी दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडर का परिचय लिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बघेल ने जिले में निवासरत 19 शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के विभिन्न कार्यालयों में पदस्थ 170 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में 12 विद्यालयों के 827 विद्यार्थियों ने योग विधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति और परंपरा तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंग-बिरंगे पोशाकों में सुंदर और मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में 6 शालाओं के बच्चों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिन्दी के देशभक्ति गीतों की शानदार संगीतमयी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद, द्वितीय स्थान महर्षि विद्या मंदिर मचेवा एवं तृतीय स्थान शासकीय डी.एम.एस. महासमुंद ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बघेल ने परेड में उत्कृष्ट मार्च पास्ट करने वाली टुकड़ियों को सम्मानित किया। वरिष्ठ सशस्त्र बल समूह में प्रथम स्थान 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल और तृतीय स्थान नगर सेना महिला प्लाटून को मिला। इसी तरह परेड वरिष्ठ समूह में प्रथम स्थान सीनियर डिवीजन एनसीसी, द्वितीय एनएसएस महाविद्यालय एवं तृतीय जूनियर डिवीजन एनसीसी रहा। परेड कनिष्ठ समूह में प्रथम स्थान एनएसएस आत्मानंद हिन्दी मीडियम स्कूल, द्वितीय रेडक्रॉस आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं तृतीय स्थान स्काउट कनिष्ठ समूह ने प्राप्त किया। इन सभी को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा परेड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार एवं सहायक उप निरीक्षक साइमा अम्बिलकर को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य मंच में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संघ इंद्रजीत सिंह गोल्डी, बास्केट बॉल संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर सहित पार्षदगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत अनुपमा आनंद, वनमंडलाधिकारी श्रीनिवास टी.एन., रवि कुमार साहू तथा गणमान्य नागरिक सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान के तहत ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ थीम पर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। सेल्फी जोन में नागरिकों ने अपनी सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता निभाई।

