रायपुर : बिलासपुर में गरिमामय माहौल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – बिलासपुर : बिलासपुर में गरिमामय माहौल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – न्यायधानी बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

कार्यक्रम में अनुशासन और शौर्य का परिचय देते हुए 13 प्लाटूनों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। परेड कमांडर भूपेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल (महिला) ने प्रथम तथा नगर सेना (महिला) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

शहीद परिजनों का सम्मान और नशामुक्ति का संकल्प

समारोह का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब केंद्रीय राज्यमंत्री ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को ‘तिरंगा शपथ’ दिलाई, जबकि ब्रह्माकुमारी दीदी द्वारा सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प कराया गया।

उत्कृष्ट कार्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

उत्कृष्ट प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *