PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – रायपुर : घुड़सवारों के साहस, महिला बैगपाइपर बैंड की लय और श्वान दल के रोमांचक प्रदर्शन से सजा स्वतंत्रता दिवस समारोह – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में घुड़सवार दलों ने अपने अदम्य साहस और ऊर्जा का जीवंत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महिला बैगपाइपर बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति ने उपस्थित जनों की खूब सराहना बटोरी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वान दल ने रोमांचक प्रदर्शन के साथ दर्शकों को सुरक्षा एवं प्रशिक्षण से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी दी।
घुड़सवार दल का हॉर्स शो रहा आकर्षण का केंद्र
स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल का हॉर्स शो आकर्षण का केंद्र रहा। घुड़सवारों ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेज़ाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। टेंट पैगिंग में अश्व रूद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी प्रतिभा दिखाई। उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से अश्वदल का उत्साहवर्धन किया।
महिला बैगपाइपर बैंड ने दी आकर्षक प्रस्तुति
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च में इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें प्रस्तुत कीं। स्लो मार्च में नवरंगी, तर्शपे रील और ड्रम कॉल की प्रस्तुति दी गई।
बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियम मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों पर मोहक धुनें बजाकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित आईटीबीपी के बीटीसी मानु में छह माह का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला। इस प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब भी जीता था।
डॉग स्क्वाड ने दिखाया रोमांचक और उपयोगी प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की क्षमता का रोमांचक प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन किया।
पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में व्यवस्थित होकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का प्रदर्शन भी किया गया। वहीं आग से जल रहे गोल रिंग के बीच से दुलार, मेरी और शिवा ने छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित किया।
प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्रियों को खोजने की अपनी दक्षता भी प्रदर्शित की। इसके अलावा कई गंधों के मिश्रण के बीच निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल की गंध के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रदर्शन भी किया गया।

