रायपुर : स्वतंत्रता दिवस समारोह: मुख्यमंत्री साय ने पुलिस परेड ग्राउंड पर किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – रायपुर : स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस परेड ग्राउंड पर किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी – राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम अपने संदेश का वाचन भी किया।

समारोह में 17 प्लाटूनों ने भव्य मार्चपास्ट कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह मार्चपास्ट भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में हुआ। इस बार बिहार प्रदेश की पुलिस टुकड़ी आमंत्रित वर्ग में परेड में शामिल हुई। परेड के टू-आईसी निशांत गौरव कुर्रे थे। परेड में सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष एवं महिला, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना पुरुष एवं महिला, एनसीसी बालक-बालिका, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड शामिल रहे। समारोह में महिला बैगपाइपर बैंड दल ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी।

उत्कृष्ट परेड दल हुए सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में उत्कृष्ट दलों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित किया। केंद्रीय बलों के वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आईटीबीपी के दल को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। द्वितीय स्थान पर सीमा सुरक्षा बल और तृतीय स्थान पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का दल रहा। सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी को 3 हजार रुपये तथा सीआरपीएफ की टुकड़ी को 2 हजार रुपये नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्य बलों के वर्ग में प्रथम स्थान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला को प्राप्त हुआ। विजेता दल को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ जेल पुलिस का दल दूसरे स्थान पर रहा, जिसे 3 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल पुरुष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और उसे 2 हजार रुपये की नकद राशि एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में प्रथम स्थान एनसीसी गर्ल्स और दूसरा स्थान एनसीसी बॉयज के दल को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों दल कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर परेड टू-आईसी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव, श्वान दल के कमांडर राज कपूर सहित परेड प्रस्तुतियों के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *