रायपुर : वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

PTV BHARAT 21 AUGUST 2026 – रायपुर : इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार – वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग ने इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में वन्यजीव शिकार के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वन्यप्राणी का मांस, संभावित रूप से नीलगाय का मांस तथा शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।

मुखबिर की सूचना पर नीतिकाकलेर में कार्रवाई

वन विभाग की टीम को मुखबिर से ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में शिकार से संबंधित सूचना मिली थी। इसके आधार पर परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत टीम ने 19 अगस्त 2026 को कार्रवाई कर छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।

आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

बारिश के बीच भी जारी रही गश्त

वन विभाग के अनुसार कार्रवाई मजबूत सूचना तंत्र और मैदानी अमले की लगातार निगरानी का परिणाम है। मानसून के दौरान लगातार बारिश, नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और कठिन आवागमन के बावजूद वन अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटे हुए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन अपराध और अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। वन अमले को लगातार सक्रिय रखते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया गया है।

वन्यजीव संरक्षण में ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी

वन विभाग ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वन अपराध, अवैध शिकार या वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को दें। विभाग ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से संरक्षण प्रयास और मजबूत किए जा सकते हैं।

कार्रवाई में इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के अधीक्षक, फरसेगढ़/पासेवाड़ा, सेण्ड्रा, कुटरू बफर, कुटरू कोर एवं मद्देड़ बफर के परिक्षेत्र अधिकारियों तथा रिजर्व के मैदानी अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *