धमतरी : अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप : छात्राओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

PTV BHARAT 22 AUGUST 2026 – धमतरी : अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप से छात्राओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान – आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की उच्च शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित छात्राओं को स्नातक शिक्षा पूरी करने तक प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

2 से 5 साल तक मिलेगी छात्रवृत्ति

स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि के अनुसार चयनित छात्राओं को 2 से 5 वर्षों तक हर साल 30 हजार रुपये मिलेंगे। इस तरह पूरी अवधि में अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्राप्त हो सकती है।

छात्रवृत्ति के चयन में मेरिट, जाति, आय या धर्म को आधार नहीं बनाया गया है। सरल पात्रता और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से अधिकाधिक छात्राओं तक योजना का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर ने पात्र छात्राओं की पहचान के दिए निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने 17 अगस्त को जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र छात्राओं की पहचान कर विशेष अभियान चलाने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी छात्रा की उच्च शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। जानकारी के अभाव में कोई पात्र छात्रा छात्रवृत्ति के अवसर से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए महाविद्यालयों को आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा गया है।

छत्तीसगढ़ सहित 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राएं पात्र

वर्ष 2026-27 में छात्रवृत्ति का तीसरा कोहोर्ट शुरू हो रहा है। इसमें 19 राज्य और 2 केंद्रशासित प्रदेश, यानी कुल 21 राज्य/केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, दिल्ली, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

कौन कर सकता है आवेदन

2026-27 में वे छात्राएं आवेदन कर सकती हैं जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पात्र राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी स्कूल या कॉलेज से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो।

इसके साथ ही 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान या मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष के मान्यता प्राप्त स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया होना आवश्यक है।

दो चरणों में आवेदन का अवसर

छात्राओं को आवेदन के लिए दो अवसर दिए गए हैं। पहला चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तक और दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा। आवेदन अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।

आवेदन के लिए पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, 10वीं एवं 12वीं की मूल अंकतालिका और कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र या शुल्क रसीद की स्पष्ट एवं बिना संपादन की गई प्रतियां तैयार रखना आवश्यक होगा।

आवेदन पूरी तरह निःशुल्क

फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के किसी भी चरण में कोई शुल्क नहीं लिया जाता। छात्रवृत्ति के लिए फोन या संदेश के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी अथवा OTP नहीं मांगा जाता और किसी प्रकार का साक्षात्कार भी नहीं होता। छात्राओं को संदिग्ध कॉल या संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

धमतरी जिले की पात्र छात्राओं से निर्धारित अवधि में आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है, ताकि आर्थिक बाधाएं उनकी उच्च शिक्षा और भविष्य के सपनों के रास्ते में रुकावट न बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *