अम्बिकापुर : पोषण माह के तहत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

PTV BHARAT 21 SEPTEMBER –अम्बिकापुर : पोषण माह के तहत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित – सेवा संकल्प अभियान के तहत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम लहपटरा में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सरगुजा के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर पोषण, संतुलित आहार, स्वच्छता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिताओं के जरिए दिया पोषण और स्वास्थ्य का संदेश

कार्यक्रम में मेहंदी, रंगोली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महिलाओं एवं बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगोली एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े संदेशों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर विकास के महत्व को रेखांकित किया गया।

संतुलित आहार और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की दी जानकारी

आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की एबीपी फेलो ने स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित प्रमुख संकेतकों की जानकारी देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के समुचित विकास तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए परिवार स्तर पर अपनाए जाने वाली आवश्यक आदतों की जानकारी दी।

महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक ने गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए उचित पोषण की आवश्यकता बताते हुए बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

स्वस्थ आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

केंद्रीय संचार ब्यूरो, अम्बिकापुर के ब्यूरो प्रभारी ने पोषण माह के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण और स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने परिवार और समुदाय स्तर पर पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *