रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बंधवा तालाब में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण

PTV BHARAT 23 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बंधवा तालाब में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिला मुख्यालय महासमुंद के वार्ड क्रमांक 27 स्थित बंधवा तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान, जल स्रोत जागरूकता कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 8 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा सहित जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, नगरपालिका, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिले के सभी नगरीय निकायों में भी जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण किया गया।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती निधि चंद्राकर, प्रदीप चंद्राकर, महेन्द्र सिक्का, राहुल चंद्राकर, पीयूष साहू, महेंद्र जैन, भाऊ राम साहू, प्रकाश शर्मा, श्रीमती मीना वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वयं श्रमदान करते हुए तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। जनप्रतिनिधियों ने हाथों में झाड़ू लेकर कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों की सफाई की और नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि जल स्रोत हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि हम अपने आसपास के तालाब, कुएं और अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखेंगे तथा उनमें कचरा जाने से रोकेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

सांसद ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर इसे अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं। उन्होंने कहा कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल का संरक्षण, प्लास्टिक एवं अन्य कचरे का उचित निपटान और अधिक से अधिक पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का कार्य किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा महासमुंद बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तालाब हमारे पारंपरिक जल स्रोत हैं और इनके संरक्षण से भूजल स्तर बनाए रखने के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि तालाब एवं अन्य जल स्रोतों में कचरा, प्लास्टिक और गंदगी न डालें तथा अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आज किया गया श्रमदान और वृक्षारोपण आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगा। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

स्वच्छता अभियान के बाद बंधवा तालाब परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, जल का अपव्यय रोकने तथा उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *