रायपुर : 11 किमी की राह पार कर लोहागांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, 62 ग्रामीणों की जांच

PTV BHARAT 23 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : 11 किमी की राह पार कर लोहागांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, 62 ग्रामीणों की जांच – बैलाडीला की पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच बसे लोहागांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम करीब 11 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची और 62 ग्रामीणों की समग्र स्वास्थ्य जांच की। जांच में एक गर्भवती महिला समेत 4 गंभीर मरीजों की पहचान हुई, जिन्हें तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्था में उपचार के लिए रेफर किया गया।

गांव में ही पहुंची स्वास्थ्य सुविधा – मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत टीम ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जांच की। मलेरिया और सिकल सेल की जांच के साथ मोतियाबिंद और कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान की गई। गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच और बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। एक गर्भवती महिला, एक मोतियाबिंद मरीज और दो मलेरिया पॉजिटिव मरीजों की स्थिति गंभीर पाए जाने पर चारों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार – स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल अस्पताल तक आने वाले मरीजों तक सीमित नहीं हैं। जहां स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना कठिन है, वहां विभाग की टीमें खुद पहुंचकर बीमारी की पहचान और उपचार की शुरुआत कर रही हैं।

76 स्वास्थ्य स्थलों से गांव-गांव पहुंच रहीं टीमें – सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ और कठिन पहुंच वाले क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत जिले के 76 स्वास्थ्य स्थलों के माध्यम से टीमें गांव-गांव पहुंच रही हैं। अभियान का उद्देश्य बीमारी की समय पर पहचान, आवश्यक उपचार और जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्था से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *