रायपुर : ब्रेल पुस्तक से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं की मिलेगी जानकारी : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा

PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : ब्रेल पुस्तक से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं की मिलेगी जानकारी : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा – दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और प्रेरक जीवन प्रसंगों से सशक्त व जागरूक बनाने के उद्देश्य से तैयार विशेष ब्रेल पुस्तक ‘दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां’ का राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने विमोचन किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान और अवसर पर हर बच्चे का समान अधिकार है। यह पुस्तक विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ संघर्ष से सफलता की कहानियों के माध्यम से आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का हौसला देगी।

सुगम्य शिक्षा की दिशा में पहल – पुस्तक को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह ब्रेल लिपि में तैयार किया गया है। इसमें दिव्यांगजनों के अधिकार, उपलब्ध अवसर और विषम परिस्थितियों के बावजूद सफलता हासिल करने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियां सहज एवं सुलभ रूप में शामिल की गई हैं।

प्रतिष्ठित शिक्षिकाओं ने किया संपादन – पुस्तक का संपादन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका के. शारदा और राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका प्रीति शांडिल्य ने किया है। दोनों शिक्षिकाएं समावेशी शिक्षा और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए सुलभ शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं।

20 दृष्टिबाधित शालाओं में निःशुल्क वितरण – विमोचन के बाद पुस्तक की प्रतियां छत्तीसगढ़ की 20 दृष्टिबाधित शालाओं में वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक ज्ञान, जागरूकता और अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है। आयोजन में मौजूद अतिथियों और शिक्षाविदों ने इसे दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समावेशी शिक्षा और स्वावलंबी भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *