रायपुर : आयुष्मान योजना से जमुना बाई को घुटने के दर्द से मिली राहत

PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : आयुष्मान योजना से जमुना बाई को घुटने के दर्द से मिली राहत – सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड निवासी श्रीमती जमुना बाई के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना राहत का सहारा बनी। लंबे समय से घुटने के गंभीर दर्द से परेशान जमुना बाई का बालोद जिला अस्पताल में निःशुल्क ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के दो दिन बाद ही उन्होंने वॉकर के सहारे चलना शुरू कर दिया।

दर्द से सामान्य जीवन हुआ मुश्किल – घुटने के दर्द के कारण श्रीमती जमुना बाई को उठने-बैठने, चलने-फिरने और घर के सामान्य काम करने में परेशानी होती थी। निजी अस्पताल में उपचार का खर्च उठाना परिवार के लिए मुश्किल था। परेशानी बढ़ने पर वे जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां जांच, एक्स-रे और आवश्यक परीक्षणों के बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों की सहमति के बाद उनका ऑपरेशन किया गया।

निःशुल्क उपचार से परिवार को मिली आर्थिक राहत – आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार निःशुल्क होने से परिवार पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने उनकी देखभाल की। दो दिन बाद वॉकर के सहारे चलने पर जमुना बाई के चेहरे पर खुशी और परिवार में स्वास्थ्य सुधार की नई उम्मीद नजर आई।

जमुना बाई ने कहा कि आर्थिक कठिनाई के समय आयुष्मान योजना ने उन्हें उपचार का सहारा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिला अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को धन्यवाद दिया। उनकी कहानी बताती है कि समय पर उपचार और शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *