PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत नारायणपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ का शुभारंभ – महिला एवं बाल विकास विभाग के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नारायणपुर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अमगांव, बेलगांव, ओरछा, कोहकामेटा, बेनुर और छोटेडोंगर सहित विभिन्न सेक्टरों और दूरस्थ क्षेत्रों के केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पालिका क्षेत्र के बांग्लापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में हुए मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और नागरिकों ने भाग लिया। केंद्रों में सजावट और रंगोली के माध्यम से बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार का संदेश दिया गया।
बच्चों से संवाद, आत्मीय वातावरण – कार्यक्रम में अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी रुचियों और गतिविधियों की जानकारी ली। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण आहार वितरण का स्थल नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार – ‘आंगन मिलन’ के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं को गर्भावस्था में सावधानियों, नियमित जांच और संतुलित आहार की जानकारी दी गई। वहीं शिशुओं के लिए समय पर पूरक पोषण आहार शुरू करने के महत्व पर भी जागरूक किया गया।
योजनाओं की दी गई जानकारी – आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं और अभिभावकों को टीकाकरण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, शिक्षा तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। जिला पंचायत सदस्य, पार्षद सहित महिला जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले दिनों में भी जनभागीदारी वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकें।

