PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्गम अबूझमाड़ के गांवों तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं – छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में नारायणपुर जिला प्रशासन का ‘सेवा संकल्प अभियान’ महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। अबूझमाड़ के दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में लगातार ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 25 सितंबर को ग्राम पंचायत कुतुल में विशेष शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीणों ने विभिन्न दस्तावेजी सेवाओं का लाभ लिया।
एक ही स्थान पर मिलीं जरूरी दस्तावेजी सेवाएं – शिविर में आधार कार्ड बनवाने, आवश्यक संशोधन कराने, तैयार आधार कार्ड प्राप्त करने और जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की सुविधा दी गई। कुल 27 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए, 15 आधार कार्ड अपडेट किए गए, 112 ग्रामीणों को तैयार आधार कार्ड वितरित किए गए और 155 नवजात व बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए।
दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर से मिली राहत – अबूझमाड़ की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों के लिए शासकीय कार्यालयों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहा है। लंबी दूरी, सीमित आवागमन और समय की कमी के कारण कई लोग आवश्यक दस्तावेज नहीं बनवा पाते थे। गांव के पास ही सेवाएं मिलने से उन्हें यात्रा के समय और खर्च में राहत मिली।
शासन और ग्रामीणों के बीच मजबूत हुआ संपर्क – जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद कोई पात्र नागरिक बुनियादी दस्तावेजों और शासकीय सेवाओं से वंचित न रहे। शिविरों में दस्तावेज तैयार करने के साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर सेवाएं मिलने से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संपर्क मजबूत हुआ है। आने वाले समय में अबूझमाड़ के अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।

