रायपुर : सेवा की कहानी : चिरायु योजना से निःशुल्क उपचार, 12 वर्षीय तरुणा को मिला स्वस्थ जीवन का उपहार

PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा की कहानी : चिरायु योजना से निःशुल्क उपचार, 12 वर्षीय तरुणा को मिला स्वस्थ जीवन का उपहार – महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भानपुर की कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली 12 वर्षीय कुमारी तरुणा यादव की जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान कर चिरायु योजना के तहत निःशुल्क उपचार कराया गया। बचपन से खेल-कूद, दौड़ने और सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी झेल रही तरुणा की बीमारी को परिवार सामान्य कमजोरी समझता रहा।

चिरायु दल ने समय पर पहचानी बीमारी – विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे चिरायु दल ने तरुणा की परेशानी को गंभीरता से लिया। जांच और चिकित्सकीय परामर्श के बाद जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल उपचार की प्रक्रिया शुरू कर उसे रायपुर स्थित एमएमआई नारायणा हृदयालय अस्पताल भेजा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद उसका निःशुल्क हृदय ऑपरेशन किया। उपचार के दौरान परिवार पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ा।

स्वस्थ होकर सामान्य गतिविधियों में लौटी तरुणा – ऑपरेशन के बाद तरुणा के स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। अब वह पहले की तुलना में स्वस्थ है और खेल-कूद, चलने-फिरने सहित दैनिक गतिविधियों में सामान्य रूप से भाग ले पा रही है। परिजनों ने समय पर बीमारी की पहचान, उपचार में सहयोग और निःशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा के लिए चिरायु दल एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

तरुणा के उपचार में चिरायु दल के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास कुमार चौहान, डॉ. सुजाता शुक्ला, फार्मासिस्ट सुरेखा साहू और आरएचओ विशाखा साहू ने बीमारी की पहचान से लेकर उपचार तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *