PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और विभागीय प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
विकास और भविष्य की दिशा पर रहेगा फोकस – मुख्य सचिव ने राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया। इसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों के साथ भविष्य की दिशा और विकास को प्रमुखता देने के निर्देश दिए।
40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार होंगे प्रदान – राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए। संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। राज्य स्तरीय आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता में प्रस्तावित है।
विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां – सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक और बैरिकेटिंग की जिम्मेदारी दी गई है। जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार तथा हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे। नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था करेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। स्वास्थ्य और ऊर्जा विभाग चिकित्सा, एंबुलेंस तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करेंगे।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव, रायपुर संभाग के कमिश्नर, कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

