PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : माटेगहन में आजीविका डबरी बनी समृद्धि की संवाहक – ग्रामीण विकास का उद्देश्य केवल परिसंपत्तियों का निर्माण नहीं, बल्कि उन्हें स्थायी आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी विकासखंड की ग्राम पंचायत चिखली के आश्रित गांव माटेगहन में वीबीजीरामजी योजना से निर्मित ‘आजीविका डबरी’ ने किसान ईश्वर/नम्मु के परिवार के लिए खुशहाली और आर्थिक मजबूती की नई राह खोली है।
2.43 लाख की स्वीकृति से बनी आजीविका डबरी – वर्षा आधारित कृषि वाले इस क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी की कमी बड़ी चुनौती थी। इसके समाधान के लिए योजना के तहत 2 लाख 43 हजार 760 रुपये की स्वीकृति दी गई और 2 लाख 10 हजार 73 रुपये की लागत से डबरी का निर्माण पूरा हुआ। अब यह जल संग्रहण के साथ परिवार की आजीविका का आधार बन गई है।
एक एकड़ खेती को मिला सिंचाई का सहारा – डबरी से किसान की करीब एक एकड़ कृषि भूमि को सीधा लाभ मिला है। खेत के पास जल स्रोत उपलब्ध होने से वर्षा पर निर्भरता कम हुई है और किसान जरूरत के अनुसार समय पर फसलों की सिंचाई कर पा रहे हैं। इससे भूमि की उत्पादकता और खेती की लाभप्रदता बढ़ी है।
सिंचाई के साथ मत्स्य पालन से अतिरिक्त आय – हितग्राही ने डबरी में मछली बीज डालकर मत्स्य पालन भी शुरू किया है। इससे कृषि उत्पादन के साथ परिवार को अतिरिक्त और टिकाऊ आय का नया स्रोत मिला है।
जल संरक्षण से आत्मनिर्भरता की ओर – माटेगहन की यह पहल जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, सिंचाई और आजीविका संवर्धन का उदाहरण बन रही है। स्थानीय जरूरत के अनुसार परिसंपत्ति निर्माण से खेतों को पानी मिला और परिवार के लिए आय के नए रास्ते खुले हैं।

