रायपुर : खेत से टोक्यो तक महकी नगरी दुबराज, महिला शक्ति ने गढ़ी वैश्विक सफलता की नई इबारत

PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : खेत से टोक्यो तक महकी नगरी दुबराज, महिला शक्ति ने गढ़ी वैश्विक सफलता की नई इबारत – धमतरी जिले का नगरी अंचल अपनी सुगंधित चावल की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहा है। कभी स्थानीय खेतों और रसोई तक सीमित ‘नगरी दुबराज’ अब देश के महानगरों के साथ जापान के बाजार तक पहुंच चुका है। इस बदलाव में गट्टासिल्ली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) से जुड़ी महिला किसानों की अहम भूमिका है, जिन्होंने कृषि और महिला उद्यमिता का नया मॉडल तैयार किया है।

पारंपरिक विरासत को मिला जीआई टैग और संगठित बाजार – ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नगरी दुबराज को क्षेत्र की पीढ़ियों पुरानी कृषि और सांस्कृतिक विरासत के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। इसकी विशिष्ट सुगंध और स्वाद के कारण इसे जीआई टैग मिला है। गट्टासिल्ली एफपीओ ने किसानों को संगठित कर पारंपरिक खेती को जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन, आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग से जोड़ा है।

महिला किसानों ने संभाली कमान – नगरी अंचल की महिलाएं अब एफपीओ के प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, सामूहिक सौदेबाजी और डिजिटल मार्केटिंग में निर्णय ले रही हैं। इस सामूहिक मॉडल से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ उद्यमिता का नया आत्मविश्वास मिला है।

जापान तक पहुंची नगरी की खुशबू – गुणवत्ता मानकों, जैविक पद्धति और वैज्ञानिक पैकेजिंग के साथ नगरी दुबराज की खेप जापान भेजी गई है। देश के विभिन्न राज्यों में भी इसकी मांग है। एफपीओ की पहल ने स्थानीय कृषि उत्पाद को व्यापक बाजार से जोड़ने का रास्ता तैयार किया है।

अमेजन, ओएनडीसी और ट्राइब्स इंडिया पर उपलब्ध – उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच के लिए एफपीओ ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को अपनाया है। नगरी दुबराज अब अमेजन, ओएनडीसी और ट्राइब्स इंडिया जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है, जिससे देशभर के उपभोक्ता इसे ऑनलाइन मंगा सकते हैं।

जिला प्रशासन और ‘प्रदान’ का सहयोग – महिला किसानों की इस पहल में धमतरी जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और गैर-सरकारी संगठन ‘प्रदान’ (PRADAN) का सहयोग रहा है। संस्था ने महिलाओं के क्षमता निर्माण, जैविक कृषि प्रशिक्षण, संस्थागत मजबूती और बाजार से सीधे संपर्क स्थापित करने में तकनीकी व रणनीतिक सहयोग दिया।

‘नगरी की पहचान—नगरी दुबराज’ – गट्टासिल्ली एफपीओ का लक्ष्य नगरी दुबराज को छत्तीसगढ़ के गौरव के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है। महिला नेतृत्व, पारंपरिक कृषि, आधुनिक तकनीक और बाजार से जुड़ाव का यह मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नए अवसरों की तस्वीर पेश करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *