PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा के संकल्प से संवरा लतेलू सोनवानी का जीवन, पीएम आवास योजना बनी खुशियों का जरिया – ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान दुर्ग जिले में जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है। ग्राम पंचायत परसाही निवासी लतेलू सोनवानी के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने सम्मान और स्थायित्व की नई राह खोली है।
1.43 लाख की सहायता से बना पक्का मकान – कबाड़ी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लतेलू सोनवानी लंबे समय से सुरक्षित और पक्के मकान का सपना देख रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनका प्रकरण स्वीकृत होने के बाद उन्हें 1.20 लाख रुपये की आवास अनुदान राशि और 23,790 रुपये मनरेगा (अब व्हीबी-जीरामजी) मजदूरी राशि, कुल 1.43 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली। इस सहायता से उन्होंने पक्का मकान बनवाया, जिसमें शौचालय, बिजली और नल से जल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कच्चे घर से पक्के आशियाने तक – लतेलू ने बताया कि पहले मिट्टी की दीवारों और टीन की छत वाले घर में रहना पड़ता था। अब मजबूत ईंटों की दीवारों और सुंदर फर्श वाला पक्का मकान है। इससे कीड़े-मकोड़ों का डर और बारिश में छत टपकने की चिंता भी दूर हुई है।
लतेलू सोनवानी ने कहा, “यह आवास मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। मेरे नाती-पोते भी अब पक्के मकान में रहेंगे, यह सोचकर ही मुझे बहुत खुशी होती है।” उन्होंने योजना का लाभ मिलने और त्वरित सहायता के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

