PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – जशपुर : सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत युवाओं ने संभाली स्वच्छता और नशामुक्ति की कमान – सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में युवाओं ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान चलाया। माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सेवा पखवाड़ा के तहत जिला प्रशासन के समन्वय से स्वच्छता, श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं ने गांव-गांव पहुंचकर स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश दिया।
सार्वजनिक स्थलों की सफाई और जागरूकता – अभियान के दौरान युवाओं ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक परिसरों की साफ-सफाई के साथ कचरा संग्रहण एवं उचित निपटान के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया। स्वच्छता शपथ और जागरूकता सभाओं के माध्यम से लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा गांव और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने में सहभागिता की अपील की गई।
कुनकुरी से फरसाबहार तक श्रमदान – कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुंजारा में बाजार परिसर, अटल चौक और मंदिर परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। कार्यक्रम में भरत सिंह, बीडीसी शोभा गुप्ता, हेमा गुप्ता, सरपंच सुभद्रा अंगीरा सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की। फरसाबहार के ग्राम साको-कोतेबिरा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी स्वच्छता अभियान, शपथ, कचरा संग्रहण एवं निपटान और जागरूकता सभा आयोजित हुई। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक दीपक कुमार निषाद और धन सिंह साय सहित ग्रामीणों ने भाग लिया।
मनोरा और जशपुर में भी युवाओं की सक्रिय भागीदारी – मनोरा विकासखंड के ग्राम केसरा में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हेमराज सिंह और माधुरी यादव के नेतृत्व में स्वच्छता शपथ, सफाई, कचरा संग्रहण एवं निपटान और जागरूकता सभा हुई। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। जशपुर विकासखंड के ग्राम दमेरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी माय भारत स्वयंसेवकों और युवाओं ने स्वच्छता श्रमदान किया।
बगीचा में स्वच्छता के साथ नशामुक्ति का संदेश – बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत बुड़ाढाड़ में 28 सितम्बर को स्वच्छता पखवाड़ा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं ने स्वच्छता को दैनिक व्यवहार में अपनाने, सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, उचित निपटान करने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
सेवा और जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण में योगदान – माय भारत जशपुर द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा, स्वच्छता, जनजागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। ‘स्वच्छ गांव-स्वस्थ गांव, नशामुक्त समाज’ के संदेश के साथ युवाओं ने सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

